16 डीजे बॉक्स चुराने वाले गिरोह चढ़े पुलिस के हत्थे, दो फरार

16 डीजे बॉक्स चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य चढ़े पुलिस के हत्थे, दो फरार

डीजे चोरी गिरोह का पर्दाफाश

  • 10 लाख के माल और पिकअप वाहन सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
  • थाना कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए एक संगठित चोरी गिरोह का त्वरित और प्रभावी खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये का चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया है।

ग्राम ग्वारी निवासी हेमंत परते 36 वर्ष की शिकायत पर थाना कोतवाली में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया। जांच के दौरान क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप वाहन की पहचान हुई। मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस वाहन मालिक तक पहुंची, जिससे पूछताछ के बाद इस पूरी चोरी की घटना का पर्दाफाश हो गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी 

पुलिस ने इस संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में अंकित सिंगरोर 22 वर्ष, निवासी ग्राम पदमी मलारा, थाना टिकरिया, हिमांशु सरवटे 23 वर्ष, निवासी पोतला मझगांव, थाना टिकरिया और योगेश राजपूत 26 वर्ष, निवासी मंगल भवन के पास, नारायणगंज, थाना टिकरिया को गिरफ्तार किया गया है।

जब्त की गई सामग्री 

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त वाहन सहित चोरी का माल बरामद किया है। आरोपियों के पास से 16 डीजे बॉक्स अनुमानित कीमत 4 लाख 15 हजार रूपए और एक बोलेरो पिकअप वाहन अनुमानित कीमत 6 लाख रूपए समेत कुल बरामद मशरूका करीब 10 लाख 15 हजार रूपए जब्त किया गया है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका 

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में सउनि माया राम धुर्वे, प्रधान आरक्षक पूरन इड़पाचे, विकास पटेल, आरक्षक रमेश, मृदुल, प्रियांश, यमुना तथा साइबर टीम से सुरेश भटेरे, धीरू और रूकधारिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


 

Leave a Comment