जंगल में मशरूम तोडऩे गए ग्रामीण पर टाइगर का जानलेवा हमला
बाघ का आतंक, सिर और हाथ-पैर में आई गंभीर चोटें
- खापा बफर जोन में बाघ के हमले से ग्रामीण घायल
- वन विभाग ने फौरन अस्पताल में कराया भर्ती, जंगल न जाने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा नेशनल पार्क के वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की हलचल और मानव-वन्यजीव द्वंद्व का एक नया मामला सामने आया है। परिक्षेत्र खापा बफर के अंतर्गत एक बाघ ने जंगल में मशरूम पिहरी तोडऩे गए एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गया है, जिसे वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी अनुसार यह घटना सोमवार की सुबह लगभग 7 बजे की है। ग्राम करेली तहसील बैहर निवासी 40 वर्षीय संतोष मेहराम पिता डिमन लाल मेहराम सुबह के समय मशरूम इक_ा करने के लिए बफर वन क्षेत्र में गए हुए थे। इसी दौरान वृत्त मोवाला और बीट मोवाला के बोदल बेहरा क्षेत्र में एक बाघ ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में संतोष के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
वन विभाग ने दिखाई तत्परता, अस्पताल में उपचार जारी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का मैदानी अमला फौरन मौके पर पहुंचा और घायल ग्रामीण का रेस्क्यू किया। टीम ने बिना समय गंवाए घायल संतोष को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद बैहर में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी तत्काल सूचित कर दिया गया है। वन विभाग द्वारा पीडि़त ग्रामीण के परिवार को फौरी राहत के तौर पर अग्रिम सहायता राशि भी प्रदान की गई है।
निगरानी बढ़ी, ग्रामीणों के लिए अलर्ट जारी
घटना के बाद से वन विभाग अलर्ट मोड पर है। वन अमले द्वारा घटना स्थल के आसपास वन्यजीवों की गतिविधियों और उनके संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष अपील की है कि मशरूम संग्रहण या लकड़ी बीनने जैसे किसी भी कार्य के लिए अकेले जंगल में न जाएं। वन क्षेत्र के आसपास से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें। यदि कोई वन्यजीव दिखाई दे, तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे छेडऩे का प्रयास न करें। वन्यजीव की उपस्थिति या हलचल की जानकारी तत्काल निकटतम वनकर्मी या वन विभाग के कार्यालय में दें।









