घुघरा जलप्रपात में मारपीट का वीडियो वायरल

घुघरा जलप्रपात में युवक से मारपीट

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

  • पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
  • पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने की पुख्ता इंतजाम की मांग
  • घुघरा जलप्रपात में मारपीट का वीडियो वायरल

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास विकासखंड स्थित प्रसिद्ध घुघरा जलप्रपात में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक अन्य युवक के साथ जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।जानकारी अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा यह वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है। हालांकि, युवकों के बीच हुए इस विवाद का वास्तविक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के समय मौके पर मौजूद किसी प्रत्यक्षदर्शी ने इस पूरी वारदात को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया था, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल 

बारिश के मौसम में घुघरा जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर होती है, जिसका आनंद लेने के लिए दूर-दूर से बड़ी संख्या में पर्यटक यहाँ पहुंचते हैं। पर्यटकों की इस भारी भीड़ के बीच सरेआम मारपीट की ऐसी घटना सामने आने से इस प्रमुख पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पर्यटन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल और निगरानी व्यवस्था के अभाव के कारण ऐसी अप्रिय और असुरक्षित घटनाओं का अंदेशा लगातार बना रहता है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और सैलानियों ने प्रशासन से कड़ी मांग की है कि बारिश के मौसम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जलप्रपात पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इससे न केवल हुड़दंगियों पर लगाम लगेगी, बल्कि पर्यटक भी सुरक्षित माहौल में प्रकृति का आनंद ले सकेंगे।


 

Leave a Comment