न सड़क, न एंबुलेंस की पहुंच, कीचड़ से होकर स्कूल जा रहे बच्चे
बरगी विस्थापित ग्राम सहजपुरी में विकास का इंतजार
- कीचड़ भरे रास्तों से गुजरने को मजबूर ग्रामीण, प्रशासन बेखबर
- नारायणगंज के सहजपुरी गांव में बुनियादी सुविधाओं का टोटा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले की तहसील नारायणगंज के अंतर्गत आने वाला बरगी बांध विस्थापित ग्राम सहजपुरी आज भी अपनी बदहाली और प्रशासनिक उपेक्षा का दंश झेल रहा है। गांव में सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर है और बारिश के दिनों में यह पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बुनियादी सुविधाओं का किस कदर अभाव है और ग्रामीण किन कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग नहीं होने से स्कूली बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। सड़क न होने का सबसे बड़ा खामियाजा स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। छोटे-छोटे बच्चे बारिश में रोजाना इसी कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल आने-जाने को विवश हैं।
समय पर नहीं मिल पाती स्वास्थ्य सुविधाएं
बताया गया कि विगत दिवस 15 अगस्त जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व पर भी बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और उन्हें कीचड़ के बीच से ही तिरंगा रैली निकालनी पड़ी। इस गंदगी और जलभराव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। आपातकाल में एंबुलेंस का पहुंचना भी नामुमकिन हो जाता है। सड़क पर अत्यधिक कीचड़ होने के कारण गांव में स्वास्थ्य सेवाएं भी बाधित हो रही हैं। महिलाओं की डिलीवरी या किसी अन्य चिकित्सीय आपातकाल के समय एंबुलेंस गांव के अंदर तक नहीं आ पाती है। कई बार एंबुलेंस बीच रास्ते में ही कीचड़ में फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा बना रहता है।
शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा सामधान
जमुना प्रसाद बर्मन ने बताया कि ग्राम की इस समस्या के लिए तीन साल से शिकायत कर रहे है, बावजूद इसके प्रशासन मौन है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर पिछले दो-तीन वर्षों से शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासनिक अनदेखी के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों की मांग, जल्द बनाई जाए सड़क
सहजपुरी के ग्रामवासियों ने शासन-प्रशासन से विनम्र अपील की है कि ग्राम सहजपुरी की इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम में जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए जिससे बच्चों, मरीजों और आम ग्रामीणों को इस नर्क जैसी स्थिति से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि सहजपुरी गांव का विकास तब ही होगा, जब इस ग्राम में सड़क बनेगी।










