नुक्कड़ नाटक से किया कुप्रथाओं पर प्रहार

मनोरंजन व ज्ञान का संगम रहा कुर्मी समाज का हरियाली तीज महोत्सव

  • नुक्कड़ नाटक से किया कुप्रथाओं पर प्रहार
  • महिलाओं ने किया वृक्षारोपण, दिया सशक्तिकरण का संदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. कुर्मी समाज विकास संगठन मंडला के तत्वावधान में मुख्यालय स्थित सरदार पटेल मंगल भवन बिंझिया में जिला स्तरीय हरियाली तीज महोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। आओ पेड़ लगाएं सच्चे भारतीय कहलाएं की थीम पर आयोजित इस महोत्सव में सैकड़ों मातृ शक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार और महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त मंच भी बना।कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल, भारत माता व कुर्मी समाज की कुलदेवी उमिया माता के तैल चित्रों पर पूजन के साथ हुआ। श्रावण मास के उपलक्ष्य में भगवान महाकाल और माता पार्वती की विशेष आरती की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरे परिधानों में सजी-संवरी महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य कर सावन का उल्लास मनाया और झूलों का आनंद लिया। साहित्यिक परिचर्चा में महिलाओं ने समाज के विकास को लेकर अपने विचार बेबाकी से रखे।

वृक्षारोपण और कुप्रथाओं पर किया कुठाराघात 

आयोजन की थीम को सार्थक करते हुए समाज की पूर्व महिला अध्यक्ष स्व. सुधा सिंगौर की स्मृति में महिलाओं द्वारा पौधरोपण किया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण समाज में पानी बंद, सामाजिक बहिष्कार जैसी कुप्रथाओं पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से समाज में व्याप्त इस कुप्रथा के दुष्परिणामों को उजागर करते हुए बताया गया कि यह एक प्रकार का कानूनी अपराध भी है।

महिला सशक्तिकरण कार्यशाला 

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जिला चिकित्सालय मंडला की डॉ. अंकिता पटेल व डॉ. राशि सिंगौर ने महिलाओं का मार्गदर्शन एवं उन्मुखीकरण किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती गौरी राजकुमार सिंगौर ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में महिलाओं और बच्चों को एकता के सूत्र में बंधकर सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। अंत में खेलकूद व अन्य प्रतियोगिताओं में शामिल समस्त महिलाओं, बच्चों और परिजनों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों और मातृ शक्तियों का आभार ज्ञापित किया।


 

Leave a Comment