सडन डेथ के रोमांचक मुकाबले में सिटीजन इलेवन ने पुलिस इलेवन को दी मात
- मंडला एएसपी का हुआ सम्मान
- महात्मा गांधी स्टेडियम में दिखा खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय महात्मा गांधी स्टेडियम में पुलिस इलेवन और सिटीजन इलेवन के बीच एक रोमांचक सद्भावना फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में सिटीजन इलेवन ने सडन डेथ में पुलिस इलेवन को हराकर जीत का खिताब अपने नाम कर लिया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ में पुलिस इलेवन ने दबदबा बनाते हुए एक गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली थी। लेकिन दूसरे हाफ में सिटीजन इलेवन ने जोरदार वापसी की और लगातार दो गोल दागकर मैच में बढ़त हासिल कर ली। जब लगा कि सिटीजन इलेवन जीत जाएगी, तभी मैच खत्म होने से कुछ देर पहले पुलिस इलेवन ने एक शानदार गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।
पेनल्टी और सडन डेथ का रोमांच
निर्धारित समय तक मैच 2-2 की बराबरी पर रहने के बाद निर्णय के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। दोनों टीमों ने अपनी शुरुआती दो-दो किक को गोल में तब्दील किया, लेकिन अंतिम तीन किक या तो गोल पोस्ट के बाहर गईं या गोलकीपर ने शानदार बचाव कर लिया। अंतत: मैच का फैसला सडन डेथ से हुआ, जिसमें सिटीजन इलेवन ने गोल दागकर जीत दर्ज की, जबकि पुलिस इलेवन की टीम गोल करने में चूक गई।
अतिथि सम्मान के साथ किया पुरस्कार वितरण
मैच शुरू होने से पूर्व जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा को प्रभारी खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी का प्रभार मिलने पर शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एएसपी वर्मा ने खिलाडिय़ों की हरसंभव मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने का आश्वासन दिया। मैच के समापन पर विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही मैदान व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सीआरपीएफ कैंपस पुलिस लाइन के मोहम्मद अकील को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
इस सद्भावना मैच के दौरान अनूप बासल, सत्यनारायण अग्रवाल, राजेंद्र शर्मा, पुरुषोत्तम उसराठे, समीर बाजपेई, सैयद सिकंदर अली, बिन सेंट मिंज और पंकज उसराठे विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, जिला पुलिस बल, नगर पालिका परिषद मंडला और खेल एवं युवा कल्याण विभाग का विशेष योगदान रहा।









