सावन सोमवार पर नारायणगंज में निकली भव्य कांवड़ यात्रा
शिव के जयकारों से गूंजा नगर
- गायत्री मंदिर से कुम्हा घाट तक दिखा आस्था का सैलाब
- नर्मदा जल से हुआ भगवान शिव का जलाभिषेक
मंडला महावीर न्यूज 29. पवित्र श्रावण मास पर नारायणगंज नगर में शिवभक्तों का भारी उत्साह देखने को मिला। सोमवार को स्थानीय गायत्री मंदिर के तत्वावधान में एक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर शामिल हुए, जिससे पूरा नारायणगंज क्षेत्र भक्तिमय हो गया और हर तरफ शिव के जयकारे गूंजते रहे।
कुम्हा घाट से लिया गया नर्मदा जल
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ नारायणगंज स्थित गायत्री मंदिर से हुआ। यहाँ से सभी कांवडि़ए और श्रद्धालु कुम्हा घाट पहुँचे। कुम्हा घाट पर स्नान ध्यान के बाद कलशों में पवित्र नर्मदा जल भरकर कांवडिय़ों का जत्था वापस नारायणगंज की ओर रवाना हुआ। यह यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण धर्ममय हो गया।
जलाभिषेक के साथ हुआ समापन
नगर भ्रमण के बाद यह भव्य कांवड़ यात्रा पुन: अपने स्थल गायत्री मंदिर पहुँची। यहाँ पहुँचकर श्रद्धालुओं ने कांवड़ में लाए गए नर्मदा जल से भगवान शंकर का विधि-विधान के साथ जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद आयोजन समिति की ओर से उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को फल वितरित किए गए। शिवभक्तों की अपार आस्था और भारी धार्मिक उत्साह के बीच इस भव्य कांवड़ यात्रा का उल्लासपूर्ण समापन हुआ।










