ग्राम पिपरिया के प्रतिष्ठित नागरिक व मुकद्दम सुरेश चौकसे का आकस्मिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
हृदय गति रुकने से सुरेश चौकसे का निधन
- नम आंखों से दी गई विदाई
- अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में उस वक्त शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव के प्रतिष्ठित नागरिक एवं मुकद्दम श्री सुरेश कुमार चौकसे (57 वर्ष) का अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर जैसे ही लोगों तक पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
मिलनसार और सामाजिक व्यक्तित्व के धनी
स्वर्गीय सुरेश चौकसे अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण के कारण पूरे ग्राम व आसपास के इलाकों में अत्यंत सम्मानित थे। वे दिनेश चौकसे, राजकुमार चौकसे और कांग्रेस नेता नरेंद्र चौकसे के भाई तथा रोहित चौकसे के चाचा थे। भरे-पूरे परिवार को छोड़कर गए सुरेश चौकसे के परिवार में उनके एक पुत्र अमन चौकसे और एक पुत्री आस्था चौकसे हैं।
अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
स्व. सुरेश कुमार चौकसे का अंतिम संस्कार सोमवार को स्थानीय मुक्ति धाम में पूर्ण हिंदू रीति-रिवाजों के साथ किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और इष्ट-मित्रों ने शामिल होकर उन्हें नम आंखों से अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उनके इस तरह अचानक चले जाने से ग्राम पिपरिया सहित आसपास के पूरे इलाके में गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं और लोग इस अपूरणीय क्षति पर दुख जता रहे हैं।










