मनेरी में पेट्रोल पंप लूटकांड का खुलासा

मंडला पुलिस की बड़ी सफलता

अतुलित पेट्रोल पंप डकैती का पर्दाफाश

  • जबलपुर से 4 डकैत गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
  • मनेरी में पेट्रोल पंप लूटकांड का खुलासा
  • 8 विशेष टीमों ने सुलझाई गुत्थी
  • 30 हजार के इनामी 4 आरोपी गिरफ्तार

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर-मंडला सीमा क्षेत्र स्थित मनेरी पुलिस चौकी के अंतर्गत अतुलित फिलिंग सेंटर पर हुई डकैती का मंडला पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले 7 अज्ञात नकाबपोश बदमाशों में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूटी गई रकम में से 50 हजार 500 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो कार एमपी 20 जेडएक्स 1968 जब्त की गई है।जानकारी अनुसार विगत 9 अगस्त की मध्यरात्रि को सात नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर धावा बोल दिया था। उन्होंने पंप के कर्मचारियों को हथियारों का डर दिखाकर धमकाया और 93,875 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस गंभीर मामले में थाना बीजाडांडी चौकी मनेरी में अपराध क्रमांक 195/2026 के तहत धारा 310(2) बीएनएस का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

8 विशेष टीमों ने खंगाले जबलपुर तक के सुराग 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने घटनास्थल का मुआयना कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के लिए 8 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिसमें 40 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। पुलिस ने घटना स्थल के भौतिक साक्ष्य, तकनीकी साक्ष्य और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बयानों का सूक्ष्म विश्लेषण किया। सुरागों का पीछा करते हुए पुलिस टीमों ने मनेरी क्षेत्र से लेकर जबलपुर के बरेला, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र और भूकम्प कॉलोनी तक योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और 15 व 16 अगस्त को चार आरोपियों को धर दबोचा।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार 

इस लूट कांड में अमित झारिया निवासी मनेरी क्षेत्र, पवन झारिया निवासी भूकम्प कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, जबलपुर, सौरभ शर्मा निवासी भूकम्प कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, जबलपुर और शिवम श्रीपाल निवासी पुरवा गढ़ा, जबलपुर को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों पर था 30 हजार का इनाम 

इन अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी पर कुल 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इसमें 10 हजार रुपए मंडला एसपी द्वारा और 20 हजार रुपए पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन द्वारा घोषित किए गए थे। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका 

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी निवास पीएस वालरे के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी मनेरी निरीक्षक शशांक शुक्ला, थाना प्रभारी बीजाडांडी निरीक्षक अनीता कुड़ापे, निरीक्षक राजाराम बड़ोले, शिशिर पांडे, आनंद अगवान, ओपी रावत, आशीष यादव, सउनि रमेश चन्द्रपाल, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र मर्सकोले, साइबर सेल से आरक्षक सुरेश भटेरे, अंकित टेकाम और आरक्षक आनंद कोरी, यमुना सनोडिया की अहम भूमिका रही।


Leave a Comment