शिकार की बड़ी साजिश नाकाम

कान्हा टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार की बड़ी साजिश नाकाम

जहर और कुल्हाड़ी के साथ आरोपी गिरफ्तार

  • मंडला: सुपखार रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
  • शिकार के प्रयास में 42 वर्षीय आरोपी तीरथ सिंह गिरफ्तार

मंडला महावीर न्यूज 29.  कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले सुपखार परिक्षेत्र (रेंज) में वन विभाग की टीम ने वन्यजीवों के शिकार की एक योजना को नाकाम करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वन अमले ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो वन्यजीव का शिकार करने की फिराक में था।

जहर और कुल्हाड़ी के साथ पकड़ाया आरोपी

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम ने बीट सुपखार के कक्ष क्रमांक 282 में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान तीरथ सिंह तेकाम (42 वर्ष), पिता- श्री किशन सिंह, निवासी ग्राम इन्द्री (थाना मोतीनाला, तहसील बिछिया) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान वन अमले ने आरोपी के पास से शिकार में इस्तेमाल होने वाला 1 पैकेट सल्फास, सल्फास मिली हुई मिट्टी की 2 गोलियां और 1 कुल्हाड़ी जब्त की है।

न्यायालय में किया गया पेश

आरोपी के विरुद्ध वन अपराध का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

वन्यजीवों की रक्षा के लिए की गई यह महत्वपूर्ण कार्रवाई क्षेत्र संचालक और उप संचालक के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने और वन्यजीव अपराध को रोकने में रेंज ऑफिसर अशोक रागडाले, वनपाल आसिफ कुरैशी, वनरक्षक सागर मरकाम, सुरक्षा श्रमिक नंदलाल और अघन सिंह सहित अन्य वन अमले का सराहनीय योगदान रहा।


Leave a Comment