वाहन न मिलने से परेशान दो छात्राओं के लिए मददगार बने घुघरी थाना प्रभारी

खाकी का मानवीय चेहरा

वाहन न मिलने से परेशान 12वीं की दो छात्राओं के लिए मददगार बने घुघरी थाना प्रभारी, सुरक्षित भिजवाया घर

  • घुघरी टीआई प्रकाश चंद्र की सराहनीय पहल
  • दूसरे थाना क्षेत्र की फंसी बच्चियों को पुलिस वाहन से उनके गांव कुम्हार्रा तक पहुंचाया

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अक्सर कानून व्यवस्था और सख्ती के लिए जानी जाती है, लेकिन घुघरी में पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया है। घुघरी थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए वाहन के इंतजार में परेशान हो रही कक्षा 12वीं की दो छात्राओं को सुरक्षित उनके गृह ग्राम कुम्हार्रा तक पहुंचाने की व्यवस्था की।

जानकारी अनुसार दूसरे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुम्हार्रा की रहने वाली दो छात्राएं सुलोचना यादव पिता भागचंद्र यादव, 17 वर्ष और जागेश्वरी परस्ते पिता रतन सिंह परस्ते, 16 वर्ष किसी कार्यवश घुघरी आई हुई थीं। दोनों छात्राएं कक्षा 12वीं में अध्ययनरत हैं। अपना काम खत्म करने के बाद जब वे वापस लौटने लगीं, तो उन्हें अपने गांव जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिला, जिसके कारण वे काफी परेशान और घबराई हुई थीं।

थाना प्रभारी ने दिखाई संवेदनशीलता 

इसी दौरान घुघरी थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन की नजर वहां परेशान खड़ीं दोनों बच्चियों पर पड़ी। उन्होंने बच्चियों के पास जाकर उनकी परेशानी का कारण पूछा। मामला समझ में आते ही थाना प्रभारी ने स्थिति की गंभीरता को समझा और तुरंत उनके लिए सुरक्षित वाहन की व्यवस्था करवाई। उन्होंने बच्चियों को उनके गृह ग्राम कुम्हार्रा तक सुरक्षित पहुंचवाया।

क्षेत्रवासियों ने की सराहना 

थाना प्रभारी की इस मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। पुलिस के इस कदम से आम जनता के बीच यह सकारात्मक संदेश गया है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पडऩे पर वह एक अभिभावक और मददगार के रूप में भी हमेशा आमजन के साथ खड़ी रहती है।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️

Leave a Comment