मंडला में वन विभाग के क्लर्क के घर ईओडब्ल्यू का छापा
2.48 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति उजागर
- ईओडब्ल्यू जबलपुर की बड़ी कार्रवाई
- मंडला के एलडीसी श्वेतांक चौरसिया के यहां मिला कुबेर का खजाना
- बैंक लॉकर खुलना अभी बाकी
मंडला महावीर न्यूज 29. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने मंडला में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम वनमंडल के मुख्य शाखा में पदस्थ ग्रेड-3 एलडीसी श्वेतांक चौरसिया के आवास पर छापा मारा है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई इस सघन कार्रवाई में अब तक लगभग 2.48 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा हुआ है।

जानकारी अनुसार आरोपी श्वेतांक चौरसिया पिता स्व. नंदकिशोर चौरसिया, मंडला के इंदिरा जी वार्ड नंबर 2 के निवासी हैं। ईओडब्ल्यू जबलपुर द्वारा गठित दो टीमों ने 12 अगस्त की सुबह 6 बजे उनके आवास पर दबिश दी। भ्रष्टाचार से करोड़ों रुपये अर्जित करने की शिकायत के सत्यापन के बाद प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए थे। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध कर यह सर्च कार्रवाई की गई है।
अब तक मिली 2.48 करोड़ की अनुमानित संपत्ति
बताया गया कि छापेमारी के दौरान श्वेतांक चौरसिया और उनके परिजनों के नाम पर भारी संपत्ति उजागर हुई है। जिसमें मकान 1.50 करोड़ रुपये, एक दुकान 51.50 लाख रुपये, घरेलू सामान 25 लाख रुपये, सोने के आभूषण 85 ग्राम 13 लाख रुपये, एक चार पहिया वाहन 8 लाख रुपये, चांदी के आभूषण 2.8 किलोग्राम 6 लाख रुपये, नगद राशि 5 लाख रुपये, दो मोटरसाइकिल 1.50 लाख रुपये इसके अलावा आरोपी और उनके परिजनों के नाम पर 5 बैंक खाते भी मिले हैं, जिनकी जमा राशि की जानकारी फिलहाल प्राप्त की जा रही है।

लॉकर खुलना बाकी, और संपत्ति मिलने की संभावना
ईओडब्ल्यू के अधिकारी ने बताया कि आवास पर प्राप्त दस्तावेजों, आभूषणों, बैंक खातों और नगद राशि से संबंधित सर्च की कार्रवाई अभी जारी है। अभी आरोपी का बैंक लॉकर खोला जाना शेष है। विभाग का अनुमान है कि जांच के दौरान और बहुमूल्य संपत्ति मिलने की प्रबल संभावना है।
⇓
मंडला में वन विभाग के लिपिक के घर अलसुबह EOW का छापा – Mahaveer News 29











