मंडला के श्री सिद्धेश्वर धाम में हरियाली अमावस्या पर भव्य अनुष्ठान
संकट निवारण के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
- वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा सुरंगदेवरी का सिद्धेश्वर धाम
- पंडित ललित नारायण मिश्रा के सानिध्य में हुआ धार्मिक आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के सुरंगदेवरी स्थित सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक केंद्र श्री सिद्धेश्वर धाम में सावन माह की हरियाली अमावस्या के दुर्लभ संयोग पर भव्य हवन-पूजन एवं विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में न केवल मंडला जिले से, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और धर्म लाभ अर्जित किया।
जानकारी अनुसार सिद्धेश्वर धाम के साईं भक्त पंडित ललित नारायण मिश्रा के सानिध्य में तड़के पांच बजे से ही धाम में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला आरंभ हो गया था। यह भव्य आयोजन धाम के समीप स्थित देव बप्पा आश्रम, सुरंगदेवरी में विराजित संकटमोचन श्री हनुमान जी महाराज और माँ भगवती के पवित्र दरबार में किया गया। क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, चहुंमुखी उन्नति और आम जनमानस को उनकी व्यक्तिगत तथा शारीरिक परेशानियों से निजात दिलाने के महान उद्देश्य से एक वृहद यज्ञ का आयोजन हुआ। यज्ञ वेदी में उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था की आहुतियां डालीं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और धार्मिक जयकारों से गुंजायमान हो उठा, जिससे समूचा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।

सटीक भविष्यवाणी और त्वरित समाधान है धाम की पहचान
सिद्धेश्वर धाम से जुड़े शिष्यों और श्रद्धालुओं ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन धाम में समय-समय पर ऐसे जन-कल्याणकारी और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर रूप से किया जाता रहता है। इस दरबार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ आने वाले दुखी, बीमार और पीडि़त श्रद्धालुओं की तकलीफों का तत्काल निवारण किया जाता है। विशेष अवसरों पर पंडित ललित नारायण मिश्रा द्वारा की जाने वाली सटीक भविष्यवाणियों के माध्यम से लोगों को अपने जीवन के गहरे संकटों, बीमारियों और पारिवारिक झंझटों से उबरने का सही व सटीक मार्ग मिलता है। यही कारण है कि इस सिद्ध केंद्र पर आम लोगों की अगाध और अटूट आस्था जुड़ी हुई है।
महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
कष्ट निवारण के लिए किए गए इस विशेष अनुष्ठान के विधिवत समापन के बाद श्री हनुमान जी महाराज की भव्य महाआरती की गई। इस महाआरती में उपस्थित सभी भक्तों ने एक स्वर में सम्मिलित होकर प्रभु की आराधना की और आशीर्वाद मांगा। धार्मिक कार्यक्रम के सफल समापन के बाद उपस्थित भक्तों और श्रृद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।










