भारी बारिश में भी नहीं डिगा देशभक्ति का जुनून
मानादेई में हर घर तिरंगा अभियान का हुआ शुभारंभ
- ग्राम पंचायत मानादेई में निकली तिरंगा रैली
- दिलाई गई राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की शपथ
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे एवं जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीणा के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा ग्राम पंचायत मानादेई में हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया गया। देशभक्ति का जुनून ऐसा था कि भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस राष्ट्रीय जन-उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
जिला समन्वयक सुशील बर्मन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया ने बताया कि हर घर तिरंगा भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया एक राष्ट्रीय अभियान है। इसे 9 से 17 अगस्त तक एक जन-उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना और राष्ट्रीय ध्वज के साथ उनके व्यक्तिगत व भावनात्मक जुड़ाव को और अधिक मजबूत करना है।
निकाली गई जागरूकता रैली और ली गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान परामर्शदाता संतोष कुमार रजक ने उपस्थित लोगों को तिरंगे की आन-बान और शान को सर्वोच्च रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद पूरे ग्राम में जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। इस सफल आयोजन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









