घर में सो रहे 19 वर्षीय युवक की सर्पदंश से मौत

घर में सो रहे 19 वर्षीय युवक की सर्पदंश से मौत, इलाके में मातम

  • बारिश के मौसम में बढ़ा सर्पदंश का खतरा
  • ग्राम देवरी में सांप के डसने से युवक ने तोड़ा दम

मंडला महावीर न्यूज 29. लगातार हो रही बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नारायणगंज विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवरी में एक हृदयविदारक घटना घटी है, जहाँ आधी रात को पलंग पर सो रहे एक 19 वर्षीय युवक की सर्पदंश से दुखद मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार और गाँव में मातम का माहौल है।

जानकारी अनुसार ग्राम देवरी निवासी 19 वर्षीय अमित कोकडिय़ा पिता अनूप सिंह रात के समय अपने घर में पलंग पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और वे तत्काल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज लेकर पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अमित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय मंडला रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मंडला पहुंचे, लेकिन दुर्भाग्यवश उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

बरसात में विशेष सावधानी बरतने की अपील 

लगातार बारिश के कारण इन दिनों सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं का खतरा काफी बढ़ गया है, जो अक्सर सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों में घुस आते हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें। सोते समय सावधानी रखें और सर्पदंश जैसी किसी भी आपात स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में पडऩे के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर जाएं।


Leave a Comment