मनेरी के पेट्रोल पंप पर आधी रात हथियारबंद ने की डकैती
स्कॉर्पियो सवार नकाबपोश बदमाशों ने लूटे लगभग 93 हजार रुपये
- पेट्रोल पंप डकैती मामले में एसपी ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
- आरोपियों की सूचना पर 10 हजार का इनाम घोषित
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर सीमा क्षेत्र के पास निवास-बरेला मार्ग पर मनेरी चौकी अंतर्गत स्थित अतुलित फ्यूल स्टेशन पेट्रोल पंप पर 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात 6 से 7 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश हथियारों की नोंक पर पंप से लगभग 93 हजार 875 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने सोमवार को घटना स्थल का मुआयना किया और त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हथियार दिखाकर की गई लूट
बताया गया कि रविवार सोमवार की दरमियानी रात करीब 2.30 से 2.37 बजे के बीच एक डार्क ब्लू रंग की स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर पहुंची। वाहन की आगे की नंबर प्लेट नहीं थी और पीछे की नंबर प्लेट ढंकी हुई थी। गाड़ी से उतरे 6-7 नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे जैसे हथियार दिखाकर वहां मौजूद दो कर्मचारियों को धमकाया। घबराहट में एक कर्मचारी भाग निकला, जबकि दूसरे को पकड़कर बदमाशों ने उसके पास रखे 9,400 रुपये छीन लिए। इसके बाद बदमाशों ने ऑफिस की दराज में रखे करीब 84 हजार 475 रुपये भी लूट लिए और फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई है।

दो विशेष टीमों का गठन, 10 हजार का इनाम घोषित
बताया गया कि बदमाशों की यह पूरी करतूत पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस उनकी और वाहन की पहचान करने में जुटी है। मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने मामले के शीघ्र निराकरण और आरोपियों तक पहुँचने के लिए दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक ने डकैतों की गिरफ्तारी और उनसे संबंधित महत्वपूर्ण एवं सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 10 हजार रूपए के नकद इनाम की घोषणा की है। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी नैनपुर मनीष राज, एसडीओपी निवास पीएस वालरे और मनेरी चौकी प्रभारी शशांक शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।









