अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक घायल
- आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक हाईवे किया जाम
- परिजन के आने के बाद खुला जाम, पुलिस ने किया मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जबलपुर एनएच 30 मार्ग पर सड़क हादसे रूकने का नाम नहीं ले रहा है। इन सड़क हादसों में लोग असमय ही अपनी जान गवां रहे है। इन हादसों को रोकने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किये जा रहे है। जिससे हादसों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। बताया गया कि रविवार शाम करीब 6.30 बजे नारायणगंज की ग्राम पंचायत भावल के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर ग्राम सोढर और चिरी के बीच एक अज्ञात वाहन ने बाईक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
बाईक में तीन युवक सवार थे। सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया है। सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास की।
जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे 30 में ग्राम सोढर और चिरी के बीच हुए सड़क हादसे में दो युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए दोनों युवक ग्राम सोढर निवासी थे। इनकी पहचान अनिल पंद्राम पिता संतलाल पंद्राम 18 वर्ष और प्रदीप मलगाम पिता बाबूलाल मलगाम 21 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में तीसरा युवक धर्मेन्द्र मरावी 17 वर्ष निवासी सोढर गंभीर घायल हो गया। घायल युवक धर्मेन्द्र को सीएचसी नारायणगंज उपचार के लिए ले जाया गया। वहीं दो युवकों की मौके पर ही मौत होने की खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। हादसे की जानकारी लगते ही घटना स्थल पर लोगों का हुजूम लग गया। जहां ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से बाधित कर दिया। दोनों युवकों के शव को मार्ग पर ही रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों के आने के बाद खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई है। टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने और हाईवे पर लगे जाम को खुलवाने का लगातार प्रयास किया गया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। इस हादसे की सूचना मृतक युवकों के परिजनों को दी गई। हादसे के करीब दो घंटे बाद परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और हाईवे मार्ग में लगे जाम को खोलने के लिए लोगों से कहां। परिजनों के आने के बाद टिकरिया पुलिस बल ने हाईवे में लगे जाम को बहाल कराते हुए यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।










