अवैध शराब भट्टी पर दबिश, 450 किलो महुआ लाहन नष्ट

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

नर्मदा किनारे चल रही अवैध शराब भट्टी पर दबिश, 450 किलो महुआ लाहन नष्ट

  • मंडला में अवैध मदिरा के खिलाफ सख्त एक्शन
  • 46 हजार से अधिक की सामग्री जब्त, अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी बल ने मंडला वृत्त के अंतर्गत नर्मदा नदी के किनारे चल रहे अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर भारी मात्रा में महुआ लाहन और कच्ची शराब जब्त कर उसे नष्ट किया है।
यह कार्रवाई कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे एवं जिला आबकारी अधिकारी प्रभारी तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती शैली सैयाम के सख्त मार्गदर्शन में की गई। टीम को मिली सूचना के आधार पर आबकारी बल ने ग्राम गौंझी में नर्मदा नदी के किनारे स्थित अवैध मदिरा निर्माण के अड्डों पर यह औचक दबिश दी।कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने एक अवैध अड्डे से भारी मात्रा में लगभग 45 डिब्बों में भरा हुआ महुआ लाहन बरामद किया गया। प्रत्येक डिब्बे में करीब 10 किलोग्राम महुआ लाहन भरा था, जिससे कुल मात्रा लगभग 450 किलोग्राम पाई गई। इसके साथ ही मौके से 10 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब भी जब्त की गई। आबकारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद किए गए पूरे 450 किलोग्राम महुआ लाहन को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया ताकि इसका उपयोग शराब बनाने में न किया जा सके।

46 हजार से अधिक की सामग्री 

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नष्ट किए गए महुआ लाहन और जब्त की गई मदिरा की कुल अनुमानित कीमत लगभग 46,500 रूपए आंकी गई है। इस मामले में आबकारी बल द्वारा आबकारी अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। क्षेत्र में ऐसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विभाग की यह मुहीम आगे भी जारी रहेगी।


 

Leave a Comment