सीएम डॉ. मोहन से मंडला के युवा ने पूछा आप 22 साल के होते तो कैसा कंटेंट बनाते, मिला आत्मीय जवाब
- छिंदवाड़ा में राज्यस्तरीय इंफ्लूएंसर्स जन-संवाद आयोजित
- मंडला के युवा क्रिएटर्स ने दर्ज कराई सशक्त उपस्थिति मुख्यमंत्री ने की सराहना
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत छिंदवाड़ा में आयोजित राज्यस्तरीय इंफ्लूएंसर्स जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष राज्यस्तरीय मंच पर मंडला जिले के सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने अपनी सक्रिय और प्रभावी भागीदारी दर्ज कराते हुए जिले की प्रतिभा का परचम लहराया।
आयोजित इस कार्यक्रम में मंडला जिले के करीब 20 प्रमुख इंफ्लूएंसर्स ने सहभागिता की। संवाद के दौरान युवा क्रिएटर्स ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सीधे विचार-विमर्श कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की मैदानी स्थिति पर अपना अमूल्य फीडबैक साझा किया। इसके साथ ही सामाजिक विकास और जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न प्रासंगिक विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कंटेंट बनाने का दिया सुझाव
बताया गया कि आयोजित इंफ्लूएंसर्स जन संवाद के दौरान मंडला के युवा क्रिएटर दिव्यांश झा का प्रश्न विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि यदि आपकी उम्र 22 वर्ष होती और आप एक कंटेंट क्रिएटर होते, तो जेन-जी की तरह किस प्रकार का कंटेंट तैयार करते। इस प्रश्न का अत्यंत सहजता और आत्मीयता से उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने छात्र जीवन और शैक्षणिक यात्रा के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि उनकी युवावस्था का मूल ध्येय सदैव जनकल्याण और राष्ट्रसेवा रहा है। उन्होंने उपस्थित सभी युवाओं को जनहित के विषयों पर सकारात्मक एवं प्रेरणादायक कंटेंट बनाने का सुझाव दिया।
जन-सचेतना का सशक्त माध्यम डिजिटल क्रिएटर्स
मुख्यमंत्री ने मंडला के क्रिएटर्स के उत्साह, नवाचार और सामाजिक दायित्वबोध की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल क्रिएटर्स आज के दौर में शासकीय नीतियों और लोक-कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का सबसे तीव्र और प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहां कि युवाओं और डिजिटल इंफ्लूएंसर्स के साथ यह सीधा संवाद प्रदेश में पारदर्शी, सहभागी और उत्तरदायी सुशासन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
विभागीय अधिकारियों और अन्य क्रिएटर्स का रहा योगदान
यह आयोजन प्रदेश के युवाओं को डिजिटल क्रांति से जोड़ते हुए सुशासन में उनकी प्रत्यक्ष सहभागिता सुनिश्चित करने में अत्यंत सफल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में मोहित पटेल, दुर्गेश पटेल, रोहित चौकसे, रितु सिसोधिया, माही मार्को, प्रहलाद कछवाहा सहित कई अन्य इंफ्लूएंसर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन को सफल बनाने में सहायक संचालक राहुल वासनिक, सहायक जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका श्रीवास्तव एवं हिमांशु यादव का सराहनीय योगदान रहा।










