एनएच 30 पर दो घंटे लगा जाम
8 किलोमीटर लंबी लगी रही वाहनों की कतार
- आरटीओ की अवैध वसूली और मारपीट का लगा आरोप
- चालक के कपड़े फाड़े, आक्रोशित ड्राइवरों ने किया चक्काजाम
- जाम में फंसी रही एंबुलेंस
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर एक ट्राला उदयपुर के पास मार्ग में आड़े कर मार्ग को बाधित कर दिया गया। सूत्रों का कहना है कि आरटीओ की कथित अवैध वसूली और मनमानी से त्रस्त होकर वाहन चालकों ने भारी हंगामा किया। वहीं बीजाडांडी पुलिस का कहना है कि वाहन चालक शराब के नशे में वाहन को मार्ग में आड़ा कर दिया। जिसके कारण यह हंगामा हो गया और जाम लग गया और करीब दो घंटे तक हाईवे में जाम लगा रहा।
जानकारी अनुसार विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक ट्राला जबलपुर से मंडला की ओर आ रहा था। इसी दौरान ग्राम उदयपुर के पास खड़े आरटीओ कर्मियों ने वाहन को रोक लिया। आरोप है कि आरटीओ द्वारा मनमाने तरीके से भारी-भरकम चालान काटा गया और इसके साथ ही अवैध वसूली की मांग की गई। जब वाहन चालक ने इसका विरोध किया, तो कर्मियों ने उसके साथ मारपीट और बदसलूकी की, जिसमें चालक के कपड़े तक फट गए।

शराब के नशे में था ट्राला चालक
बीजाडांडी थाना प्रभारी ने बताया कि जबलपुर से एक वाहन चालक शराब के नशे में मंडला की तरफ वाहन लहराते हुए जा रहा था। इसी दौरान उदयपुर के पास वाहन चालक शराब के नशे में वाहन को हाईवे मार्ग में आड़ा कर दिया। जिसके कारण हाईवे मार्ग लंबा जाम लग गया। शराब के नशे में होने के कारण वाहन चालक वाहन से उतरा ही नहीं। बड़ी मशक्कत के बाद वाहन को मार्ग से अलग कराया गया। जिसके बाद जाम खुल सका और आवाजाही शुरू हो सकी।
आठ किलो लंबे जाम में एंबुलेंस भी फसी
बताया गया कि आरटीओ की इस मनमानी से आक्रोशित होकर हाईवे से गुजरने वाले अन्य ट्रक चालकों ने भी गाडिय़ां रोक दीं और राजमार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ करीब 8 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बताया गया कि दो घंटे से लगे इस भीषण चक्काजाम के कारण आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर स्थिति तब पैदा हुई जब जाम में एक एंबुलेंस भी घंटों तक फंसी रही।

पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
बताया गया कि मंडला जबलपुर एनएच 30 मार्ग में चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय बीजाडांडी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाने का प्रयास करती रही, लेकिन आक्रोशित वाहन चालक नहीं माने। स्थानीय लोगों और बीजाडांडी पुलिस की कड़ी मशक्कत और समझाईश के बाद वाहन चालकों माने और करीब दो घंटे बाद करीब 10 बजे जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल कराया गया। जिससे जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।










