ग्राम बकोरी में गहराया पेयजल संकट
बिजली का बिल न चुकाने पर कटा कनेक्शन, तीन दिन से नल-जल योजना ठप
- पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण
- उपभोक्ताओं के टैक्स न देने से पंचायत नहीं भर पाई बिल
- प्रशासन से लगाई गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की ग्राम पंचायत बकोरी में इन दिनों पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। गांव में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए संचालित नल-जल योजना पिछले तीन दिनों से पूरी तरह से बंद पड़ी है। नलों से पानी न आने के कारण ग्रामीणों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। अचानक पानी की सप्लाई ठप हो जाने से गांव में परेशानी की स्थिति निर्मित हो गई है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है, जिससे उनका काफी समय और ऊर्जा केवल पानी की व्यवस्था करने में ही खर्च हो रही है।
जानकारी अनुसार नल-जल योजना के अचानक ठप होने का कारण कोई तकनीकी खराबी या पाइपलाइन का फूटना नहीं है, बल्कि बिजली बिल का भुगतान न होना है। बताया गया कि नल-जल योजना के पंप हाउस का बिजली बिल लंबे समय से बकाया था। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा भुगतान की प्रतीक्षा करने के बाद अंतत: सख्त कदम उठाते हुए नल-जल योजना का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। बिजली न होने के कारण मोटर पंप चालू नहीं हो पा रहे हैं और पानी की टंकियां खाली पड़ी हैं।
पंचायत सचिव ने बताई फंड की कमी की मजबूरी
इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत बकोरी के सचिव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नल-जल योजना के सुचारू संचालन और रखरखाव के लिए उपभोक्ताओं से एक निर्धारित शुल्क लिया जाता है। लेकिन विडंबना यह है कि गांव के अधिकांश उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से जलकर जमा नहीं किया गया है। टैक्स वसूली न होने के कारण पंचायत के खाते में पर्याप्त राशि नहीं है, जिससे वह बिजली विभाग का बकाया बिल चुकाने में पूरी तरह असमर्थ है। सचिव ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपनी बकाया राशि और जलकर तुरंत पंचायत में जमा करें, जिससे बिजली बिल का भुगतान कर योजना को पुन: शुरू कराया जा सके।
ग्रामीणों ने की उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग
वहीं दूसरी ओर पिछले तीन दिनों से बूंद-बूंद पानी को मोहताज ग्रामीणों का कहना है कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा का इस तरह बंद होना गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लें। उनकी अपील है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र बिजली कनेक्शन जुड़वाकर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए और जलकर वसूली के लिए पंचायत स्तर पर कोई उचित समाधान निकाला जाए।










