एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सप्लाई बाधित होने का मामला
ईएमटी, जिला समन्वयक और प्रोजेक्ट हेड पर एफआईआर दर्ज
- मंडला में मरीज ले जाते समय एम्बुलेंस में खत्म हुई ऑक्सीजन
- कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच के बाद तीन पर मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में एक गंभीर लापरवाही के मामले में प्रशासन और पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। मरीज को अस्पताल ले जाते समय 108 एम्बुलेंस में ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित होने के मामले में पुलिस ने तीन जिम्मेदारों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से विवेचना कर रही है।
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि विगत 27 जुलाई को ग्राम सुनहरा माल निवासी 21 वर्षीय युवक अजीत बरया को उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय मंडला लाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एम्बुलेंस का ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम फेल हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया था कि एम्बुलेंस में ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिससे मरीज की जान खतरे में पड़ गई।
इन जिम्मेदारों पर हुई कार्रवाई
इस शिकायत के बाद कोतवाली थाना मंडला में मामले की जांच की गई और जांच बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई है। इस प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में 108 एम्बुलेंस सेवा की ईएमटी, जिला समन्वयक और 108 जननी एम्बुलेंस सेवा संचालित करने वाली संबंधित संस्था के प्रोजेक्ट हेड को आरोपी बनाया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई थी जांच
बताया गया कि घटना के तुरंत बाद मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया था। इस समिति ने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों, पीडि़त के परिजनों और एम्बुलेंस कर्मियों के विस्तृत बयान दर्ज किए और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की। समिति द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद ही पुलिस द्वारा यह वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।









