अनियंत्रित बाइक हाथ ठेले से टकराई, युवक की मौके पर मौत

निवास-शहपुरा मार्ग पर सड़क हादसा

  • अनियंत्रित बाइक हाथ ठेले से टकराई, युवक की मौके पर मौत
  • डिंडौरी निवासी युवक ने तोड़ा दम, बाल-बाल बची महिला

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवास-शहपुरा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से जा रहा एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक हाथ ठेले से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। बताया गया कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान डिंडौरी जिले के बिछिया पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवरी निवासी आशीष धुर्वे के रूप में हुई है।जानकारी अनुसार यह हादसा बुधवार की शाम लगभग छह बजे निवास-शहपुरा मार्ग पर स्थित ग्राम आमगांव में प्रतीक्षालय के सामने हुआ। मृतक आशीष धुर्वे अपनी बाइक से निवास की ओर से शहपुरा की तरफ जा रहा था। उसकी बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण वह अपना संतुलन खो बैठा और सीधे किनारे खड़े हाथ ठेले से जा टकराया।

बाल-बाल बची महिला की जान 

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक अपनी बाइक समेत काफी दूर जा गिरा। उसे सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त हाथ ठेला संचालक की पत्नी वहां मौजूद थी, जो ऐन मौके पर दूर हट गई और उसकी जान बाल-बाल बच गई।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


 

Leave a Comment