बम भोले के जयकारों से गूंजा माहिष्मती घाट
भोरमदेव शिवालय में माँ नर्मदा का जल से होगा अभिषेक
- मां नर्मदा का जल लेकर भोरमदेव चले शिवभक्त
- माहिष्मती घाट पर कांवरियों का हुआ भव्य स्वागत
- मां सिंहवाहिनी बोल बम समिति, चिल्फी घाटी का 28 वां कांवर यात्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. मां सिंहवाहिनी बोल बम समिति, चिल्फी घाटी के तत्वावधान में आयोजित 28वीं वार्षिक कांवड़ यात्रा निकाली गई। यह कांवर यात्रा मंडला के माहिष्मती घाट पहुंची। जहां नर्मदा भक्तों ने इनका भव्य स्वागत किया। बताया गया कि कांवरियों ने परंपरागत वेशभूषा में मां नर्मदा के पवित्र जल को कलश में भरकर बम भोले के जयकारों के साथ अपनी ऐतिहासिक यात्रा शुरू की। यह जल भोरमदेव स्थित शिवालय में भगवान शिव को अर्पित किया जाएगा।
नर्मदा आरती और पूजन के साथ हुई शुरुआत
कांवर यात्रा की शुरुआत से पूर्व सभी कांवरियों ने माहिष्मती घाट पर स्नान किया। इसके बाद शिवभक्तों ने मां नर्मदा की आरती और विशेष पूजन कर कलश में जल भरा। समिति की यह कांवड़ यात्रा अपने 28वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। इस वर्ष भोले की भक्ति में लीन भक्तों की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है, जो मां नर्मदा के अविरल प्रवाह की तरह निरंतर बढ़ती नजर आ रही है। कांवड़ यात्रा मार्ग में जगह-जगह धर्मप्रेमी बंधुओं द्वारा कांवरियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया जा रहा है।
पुष्प वर्षा और तिलक लगाकर किया रवाना
कांवड़ यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मंडला के धर्मप्रेमी बंधुओं ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। माहिष्मती घाट पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल, राजेश क्षत्री, मुकेश सोनी और किशोर रजक सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने कांवरियों का तिलक-वंदन किया। इसके बाद शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें पूरे उत्साह और आस्था के साथ भोरमदेव के लिए रवाना किया गया।










