मंडला में पटवारियों की ‘कलमबंद’ हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, राजस्व कार्य प्रभावित

मंडला में पटवारियों की ‘कलमबंद’ हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, राजस्व कार्य प्रभावित

सरकार ने मानी दो मांगें; कैडर रिव्यू और पदोन्नति की मुख्य मांग पर अड़े हैं जिले के 458 पटवारी

मंडला महावीर न्यूज 29.  मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर 3 अगस्त से शुरू हुई पटवारियों की अनिश्चितकालीन ‘कलमबंद’ हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। जिले के कलेक्ट्रेट मार्ग पर पटवारी अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। पटवारियों के काम बंद कर देने के कारण जिले भर में राजस्व संबंधी कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित होने लगे हैं।

इन 5 प्रमुख मांगों को लेकर हो रहा प्रदर्शन

पटवारी संघ सरकार से मुख्य रूप से पांच मांगों को पूरा करने की मांग कर रहा है:

  • कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ देना।
  • नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा आयोजित करना।
  • पटवारियों को जज प्रोटेक्शन एक्ट में शामिल करना।
  • लंबित वित्तीय भुगतानों का निराकरण करना।
  • नवनियुक्त पटवारियों को 100 प्रतिशत वेतन का भुगतान करना।

दो मांगें स्वीकृत, लेकिन मुख्य मांग पर जारी है गतिरोध

पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष गीतेन्द्र गीतू बैरागी ने बताया कि सरकार ने उनकी पांच में से दो मांगों को मंजूरी दे दी है। इनमें पटवारियों को प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में लाने और लंबित वित्तीय भुगतान से जुड़ी मांगें शामिल हैं। हालांकि, संघ की सबसे मुख्य मांग—कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति और समयमान वेतनमान का लाभ देना—अब तक सरकार द्वारा स्वीकृत नहीं की गई है।

जिलाध्यक्ष बैरागी ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी यह मुख्य मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक मंडला जिले के सभी 458 पटवारी अपनी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर डटे रहेंगे।


Leave a Comment