कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में बाघ का हमला
45 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत
- बाघ के हमले से गांव में दहशत
- वन विभाग ने परिजनों को दी आर्थिक सहायता और जारी किया अलर्ट
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में एक बाघ के हमले से एक महिला की मौत का दुखद मामला सामने आया है। यह घटना 2 अगस्त की रात बालाघाट जिले के परसवाड़ा तहसील के अंतर्गत ग्राम पर्रापुर स्कूल टोला में घटित हुई।
जानकारी अनुसार बफर जोन वनमंडल के परिक्षेत्र खापा की कुमादेही बीट के अंतर्गत आने वाले ग्राम पर्रापुर निवासी 45 वर्षीय श्रीमती सुगनी बाई पति बुधराम पर रात के समय एक बाघ ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
वन विभाग ने दी त्वरित सहायता
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार संपन्न कराया। वन विभाग द्वारा मृतका के परिजनों को शासन के प्रावधानों के तहत तत्काल अग्रिम सहायता राशि सौंप दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि शेष अनुग्रह सहायता राशि भी कागजी औपचारिकताएं पूरी होने पर शीघ्र प्रदान कर दी जाएगी।
क्षेत्र में गश्त और सतर्कता बढ़ाई गई
घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। इसे देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित और आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। विभागीय टीम लगातार ग्रामीणों को वन्यजीवों की उपस्थिति के प्रति जागरूक कर रही है और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि वन्यजीव और मानव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। वन विभाग द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और वन्यजीवों की कोई भी हलचल या गतिविधि दिखने पर तुरंत निकटतम वन अधिकारी को सूचित करें।










