विद्या रूपी समय के सागर की अनंत विमल सरिताएं
पिंडरई में आर्यिका मां विमल मति माता जी के चातुर्मास 2026 का भव्य आगाज
- लघु तीर्थ क्षेत्र पिंडरई में गूंजे जयकारे
- कलश स्थापना व मनमोहक मंगलाचरण के साथ चातुर्मास का हुआ शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29. लघु तीर्थ क्षेत्र और व्रती नगरी के रूप में विख्यात पिंडरई में युग शिरोमणि आचार्य भगवन श्री विद्यासागर जी महाराज एवं विद्या शिरोमणि आचार्य श्री समयसागर जी महाराज की आज्ञानुवर्ती शिष्या, परम वंदनीय आर्यिका मां विमल मति माता जी ससंघ के वर्ष 2026 के चातुर्मास का भव्य शुभारंभ हो गया है।
गुरुवार, 30 जुलाई को ‘श्री विद्या स्वभाव भवन’ में चातुर्मास कलश स्थापना का यह पावन आयोजन पूरे हर्षोल्लास और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
संजीव भैया ने किया नेतृत्व, साक्षी दीदी ने संभाला मंच
इस भव्य कार्यक्रम का सफल नेतृत्व बाल ब्रह्मचारी संजीव भैया जी द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी नगर गौरव ब्रह्मचारिणी बहन साक्षी दीदी जी ने बखूबी निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ पाठशाला की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए अत्यंत सुंदर ‘भरतनाट्यम’ मंगलाचरण नृत्य के साथ हुआ। इसके पश्चात, स्थानीय महिला मंडल और बालिका मंडल ने गुरु मां की सक्रिय पूजन कर आयोजन को आध्यात्मिक भव्यता प्रदान की।
आसपास के कई शहरों की जैन समाज ने की सहभागिता
जैन समाज के परम संरक्षक सिंघई श्री प्रमोद जी ने साधु सेवा समिति के पदाधिकारी ऋषभ जैन को जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन कलश स्थापना समारोह में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। मंडला, नैनपुर, केवलारी, धनोरा और घंसौर सहित विभिन्न स्थानों से आई जैन समाज ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर धर्म लाभ लिया।
आयोजन में धर्म प्रेमियों के साथ-साथ ग्राम के उपसरपंच श्री जितेंद्र सिंह राजपूत और मंडला जिले के पत्रकार बंधुओं की विशेष उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की शोभा और गरिमा और अधिक बढ़ गई। चातुर्मास के इस आगाज से पूरे पिंडरई नगर में उल्लास और धर्ममय वातावरण निर्मित हो गया है।









