76 लाख से जगमगाया NH-30
मंत्री संपतिया उइके और विधायक नारायण पट्टा ने किया डेकोरेटिव पोल का लोकार्पण
- भुआ बिछिया को मिली विकास की नई सौगात
- मंत्री उइके ने दिया बंजारी धाम में सामुदायिक भवन बनाने का आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर परिषद भुआ बिछिया क्षेत्र में विशेष निधि से ₹76 लाख 21 हजार की लागत से कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का शनिवार को पूरे विधि-विधान के साथ लोकार्पण किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके और बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर NH-30 पर लगे डेकोरेटिव पोल एवं LED लाइट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुसराम, भाजपा ST मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम और भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज भट्ट भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दो चरणों में पूरा हुआ सौंदर्यीकरण का कार्य
नगर परिषद द्वारा यह कार्य दो चरणों में पूरा किया गया है, जिससे रात के समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को बेहतर रोशनी मिलेगी:
- पहला चरण: दानिटोला तिराहा से शासकीय प्राथमिक शाला भुआ तक NH-30 के डिवाइडर के मध्य डेकोरेटिव पोल और LED लाइट की स्थापना।
- दूसरा चरण: शासकीय प्राथमिक शाला भुआ से बंजारी माता मंदिर तक NH-30 के किनारे डेकोरेटिव पोल एवं LED लाइट फिटिंग।
छोटे नगरों का विकास सरकार की प्राथमिकता: मंत्री उइके
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने अपने राजनीतिक सफर में मां बंजारी के आशीर्वाद को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, बिजली और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए छोटे नगरों के विकास के लिए विशेष रूप से काम कर रही है। इससे व्यापार और शहर की पहचान को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, मंत्री ने मंच से बंजारी धाम में सामुदायिक भवन एवं शौचालय निर्माण की मांग को भी स्वीकार करते हुए जल्द निर्माण करवाने का आश्वासन दिया।
बाईपास के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठना होगा: विधायक पट्टा
विधायक नारायण सिंह पट्टा ने सभी से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नगर के विकास में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नगर में बढ़ती दुर्घटनाओं और जाम का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 4 साल पहले बाईपास सड़क निर्माण की घोषणा की थी, जो अब तक अधूरी है। इसके लिए सबको मिलकर प्रयास करना होगा।
बिना भेदभाव होगा विकास
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुसराम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से मंडला जिले के हर क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रजनी मरावी ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि नगर के सभी 15 वार्डों में बिना किसी भेदभाव और सभी दलों के सहयोग से विकास कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन इंजीनियर राजेंद्र अग्रवाल ने किया। इस दौरान सीएमओ राजेश मार्को, विभिन्न अधिकारी, पीठाधीश्वर दीपक गिरी गोस्वामी, अजय पुरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, व्यापारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस नई सौगात से पूरे नगर में खुशी का माहौल है।











