पिपरिया में अज्ञात चोरों का आतंक

पिपरिया में अज्ञात चोरों का आतंक

किराना और कपड़ा दुकान के चटकाए ताले

  • गल्ले से 15 हजार नगद व कपड़े उड़ा ले गया चोर
  • वारदात सीसीटीवी में कैद, जांच में जुटी पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपरिया स्थित बस स्टैंड पर बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए दो दुकानों को अपना निशाना बनाया। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।जानकारी अनुसार बीती रात्रि चोरों ने सबसे पहले सीताराम साहू किराना स्टोर्स के शटर का ताला तोड़ा और दुकान के अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान के कैश काउंटर में रखे लगभग 15 हजार रुपये नगद और कुछ अन्य सामान पार कर दिया। इस वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने कुछ ही दूरी पर बाजार चौक स्थित एसके कलेक्शन नामक कपड़े की दुकान में भी सेंधमारी की। यहां से चोर लगभग 6 जोड़ी कपड़े चुराकर फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई चोर की वारदात 

किराना दुकान में हुई यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक अज्ञात चोर बड़ी आसानी से कैश काउंटर से पैसे निकालते हुए स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। बतायास गया कि सुबह दुकानदारों को जब चोरी की भनक लगी, तो तुरंत इसकी सूचना निवास पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात चोर की पहचान करने और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


Leave a Comment