रोटरी क्लब मंडला मैकल का वार्षिक पदस्थापना समारोह संपन्न
दिलीप तिवारी ने अध्यक्ष व अभिषेक बाजपेई ने संभाला सचिव का प्रभार
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और कलेक्टर की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी ने लिया शपथ
- सेवा कार्यों और वृक्षारोपण को मिलेगी नई दिशा
मंडला महावीर न्यूज 29. रोटरी क्लब मंडला मैकल का वार्षिक पदस्थापना समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके मुख्य अतिथि और मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे सहित रोटरी डिस्ट्रिक्ट के कई पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह के दौरान नई कार्यकारिणी ने विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। पूर्व अध्यक्ष प्रसन्न सराफ ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिलीप तिवारी को और पूर्व सचिव सुरेश चौधरी ने नए सचिव अभिषेक बाजपेई को रोटरी कॉलर पहनाकर दायित्व सौंपा। नव-निर्वाचित अध्यक्ष दिलीप तिवारी ने क्लब की आगामी सेवा गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

अतिथियों ने की सेवा कार्यों की सराहना
कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में क्लब के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने सदस्यों से जिले के विकास कार्यों में सहभागिता निभाने तथा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का आह्वान किया। वहीं, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने क्लब द्वारा की जा रही पीडि़त मानवता की निस्वार्थ सेवा को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
प्रतिवेदन प्रस्तुति, सम्मान व नई सदस्यता
कार्यक्रम में डॉ. संजय तिवारी ने क्लब का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिला अस्पताल में लिफ्ट स्थापना सहित अन्य जनहितकारी कार्यों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि द्वारा 12 नए सदस्यों को रोटरी पिन पहनाकर संगठन की सदस्यता प्रदान की गई। इसके अलावा क्लब की स्थापना के 18 वर्ष पूर्ण होने पर सभी पूर्व अध्यक्षों का विशेष सम्मान किया गया तथा प्रदेश एवं जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया तथा तकनीकी संयोजन डॉ. कपिल वर्मा ने संभाला। अंत में नव-नियुक्त सचिव अभिषेक बाजपेई ने उपस्थित सभी अतिथियों, रोटरी व इनरव्हील क्लब के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।










