नैनपुर में दिनदहाड़े चोरी
बाइक से 30 हजार रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हुई युवती
- सेंट्रल बैंक से पैसे निकालकर हार्डवेयर दुकान पहुंचे युवक को लगा चूना
- सफेद कार की तलाश में जुटी पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक कॉलोनी में दिनदहाड़े एक युवती ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ एक अज्ञात युवती पलक झपकते ही मोटरसाइकिल पर टंगा 30 हजार रुपयों से भरा बैग लेकर कार में बैठकर फरार हो गई। पीडि़त युवक ने घटना की शिकायत नैनपुर थाने में दर्ज करा दी है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवती बाईक में टंगे बैग को निकाल कर जाते हुए दिख रही है।
जानकारी अनुसार लकी चंदेला ने नैनपुर स्थित सेंट्रल बैंक से 30 हजार रुपये निकाले थे। रुपयों को एक बैग में रखकर वह ब्लॉक कॉलोनी में गोलू हार्डवेयर दुकान पहुंचा। जहां कुछ सामान की खरीदी कर रहा था। लकी ने अपनी मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की और रुपयों से भरा बैग गाड़ी पर ही छोड़ दिया। शायद युवती युवक लकी की रैकी कर रही होगी, तभी उसने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सफेद कार में बैठकर फरार हुई अज्ञात युवती
बताया गया कि सीसीटीवी में स्पष्ट दिख रहा है कि एक अज्ञात युवती वहां पहुंची और बड़ी ही फुर्ती से बाइक पर रखा रुपयों का बैग निकाल लिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह युवती करीब 10 मीटर की दूरी पर खड़ी एक सफेद रंग की कार में बैठी और वहां से रफूचक्कर हो गई। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह सफेद गाड़ी पंप से होते हुए बायपास, पिंडरई या मंडला सड़क मार्ग की ओर गई होगी।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार वारदात वाले स्थान के आस-पास इस तरह की वारदात पहले भी सामने आ चुकी हैं, जो चिंता का विषय है। फिलहाल पीडि़त की शिकायत पर नैनपुर पुलिस सफेद कार और आरोपी युवती की सरगर्मी से तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।










