नैनपुर पुलिस की सफलता
सूने मकान से लाखों की चोरी का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
- विवाह समारोह में गए परिवार के घर हुई 9 लाख से अधिक की चोरी का खुलासा
- चोरी के पैसों से खरीदी गई बाइक और मोबाइल जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के थाना नैनपुर पुलिस ने एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक युवक और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन तथा एसडीओपी मनीष राज के मार्गदर्शन में की गई।
शिकायतकर्ता अनंत कुमार वैष्णव निवासी वार्ड क्रमांक 15, नैनपुर ने 6 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे परिवार सहित विवाह समारोह में बाहर गए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान के पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरों ने करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 2 लाख 25 हजार रुपये नकद पार कर दिए थे।
तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर प्रिंस मर्सकोले 20 वर्ष और एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात करना कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के पैसों से बाल अपचारी ने करिश्मा जेडएमआर मोटरसाइकिल और साथी ने वीवो का मोबाइल खरीदा था। शेष आभूषण फरार आरोपियों द्वारा जिले के बाहर बेच दिए गए हैं।
जब्त सामग्री व पुलिस टीम की भूमिका
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के पैसों से खरीदी गई उक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त कर लिया है। मामले में शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मंशाराम वगेन, विक्रम सिंह बघेल, सउनि जगदीश सेयाम, सउनि नेताम और आरक्षक ओपी बघेल, नवीन, अक्षय सहित नैनपुर पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।









