देशभक्ति के रंग में रंगा महाविद्यालय

पीएम कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने प्रतियोगिताओं में दिखाया उत्साह

  • देशभक्ति के रंग में रंगा महाविद्यालय
  • अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
  • प्रधानमंत्री कॉलेज मंडला में धूमधाम से मनाया गया कारगिल विजय दिवस

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला के एनसीसी विभाग द्वारा कारगिल विजय दिवस गरिमामय और देशभक्तिपूर्ण माहौल में मनाया गया। यह आयोजन 1 एमपी आर्टिलरी रेजीमेंट एनसीसी जबलपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल कीर्ति सिन्हतरे के मार्गदर्शन और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टीपी मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराकर और राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके बाद कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए 2 मिनट का मौन धारण किया गया। प्राचार्य डॉ. मिश्रा द्वारा समस्त स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं को कारगिल विजय दिवस की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच रंगोली, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके अलावा एक विशेष संगोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों ने अपने विचार साझा किए। संगोष्ठी को संबोधित करने वालों में भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. भुवनेश्वर टेभरे, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सियाशरण ज्योतषी, ग्रंथपाल डॉ. सालिकराम बघेल, कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. अर्जुन सिंह बघेल, डॉ. केएल धुर्वे और खेल अधिकारी डॉ. गुलबहार खान शामिल रहे।

पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय का वातावरण देशभक्ति की भावनाओं से ओत-प्रोत रहा और एनसीसी कैडेट्स में जबरदस्त जोश देखने को मिला। इस सफल कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. राजेश धुर्वे द्वारा किया गया।


Leave a Comment