अपग्रेड हुए स्कूल में विषय विशेषज्ञों का टोटा

अपग्रेड हुए स्कूल में विषय विशेषज्ञों का टोटा

सरपंच के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे विद्यार्थी

  • शिक्षकों की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे छात्र
  • सीईओ ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के मोहगांव जनपद अंतर्गत ग्राम बिलगांव में शिक्षा व्यवस्था की एक गंभीर खामी सामने आई है। सत्र 2025-26 में बिलगांव के हाई स्कूल को उन्नत कर पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा तो दे दिया गया है, लेकिन 11वीं और 12वीं की कक्षाओं के लिए अब तक विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। इसके चलते विद्यार्थियों का भविष्य अधर में है और वर्तमान में हाई स्कूल के शिक्षक ही किसी तरह इन बड़ी कक्षाओं को संचालित कर रहे हैं।

सरपंच के नेतृत्व में छात्रों ने सौंपा ज्ञापन 

इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम सरपंच लमतु सिंह धुर्वे के नेतृत्व में स्कूल के छात्र-छात्राएं जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीणा ने विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

एक साल बिना शिक्षकों के बीता 

छात्रों और सरपंच ने बताया कि स्कूल की 11वीं कक्षा गणित, जीवविज्ञान और कला संकाय में लगभग 100 और 12वीं में 65 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। 12वीं के वर्तमान बैच का एक पूरा शैक्षणिक वर्ष बिना नियमित विषय शिक्षकों के ही बीत चुका है, जिससे उनकी पढ़ाई का भारी नुकसान हुआ है। सरपंच लमतु सिंह ने बताया कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।

शासन को भेजा गया है प्रस्ताव 

इस मामले पर जनजाति कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक विष्णु सिंगौर ने बताया कि विद्यालय में पदों की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अक्सर स्कूलों के उन्नयन की प्रक्रिया पहले हो जाती है, जबकि पदों की स्वीकृति मिलने में समय लगता है। हालांकि, सिंगौर ने आश्वासन दिया है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई का और नुकसान न हो, इसके लिए वे स्वयं विद्यालय पहुंचकर तत्काल वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।


Leave a Comment