बम्हनी बंजर में अव्यवस्थाओं के खिलाफ पीपल्स का अनिश्चितकालीन धरना

बम्हनी बंजर में अव्यवस्थाओं के खिलाफ आपकी अपनी पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना

  • स्वास्थ्य, सफाई और अतिक्रमण सहित 17 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन
  • समस्याओं के ठोस निराकरण तक आंदोलन की चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी नगर की जन हितैषी समस्याओं और अव्यवस्थाओं के निराकरण की मांग को लेकर आपकी अपनी पार्टी (पीपल्स) द्वारा स्थानीय गांधी चौक में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। विगत 23 जुलाई से शुरू हुआ यह धरना प्रदर्शन सोमवार 27 जुलाई को अपने पांचवें दिन भी लगातार जारी रहा। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी मांगों के समर्थन में लगातार डटे हुए हैं।

पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि बम्हनी नगर पालिका में घोर अनियमितताएं की जा रही हैं। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं का आलम है और नगर के बस स्टैंड में भी भारी अव्यवस्थाएं व्याप्त हैं। नगरवासियों की आवाज बुलंद करने के लिए पार्टी ने 17 सूत्रीय मांगों का एक मांग पत्र तैयार किया है, जिसके आधार पर यह अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है।

नगर की 17 प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग 

पार्टी के पदाधिकारियों ने बताया कि नगर के मुख्य मार्ग संजय चौक से खेरमाई चौक तक सड़क का चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण किया जाए। वार्ड नं. 6 के मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण किया जाए। बस स्टैंड पर बसें उनके निर्धारित स्थान पर ही खड़ी करवाई जाएं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ओपीडी निर्धारित समय पर चालू करवाई जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी, एक्सरे, ईसीजी, दंत चिकित्सक, दवाइयां और महिला चिकित्सक की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। नगर के मुर्गा-मछली बाजार को नगर के बाहर विस्थापित किया जाए, नगर में संचालित शराब दुकान को नियमानुसार नगर से बाहर किया जाए। नगर के विभिन्न वार्डों में हो रही अवैध शराब की बिक्री तुरंत बंद कराई जाए। कचरा वाहन का मासिक शुल्क कम करके 30 रुपये किया जाए। नगर के मार्गों एवं नालियों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए। वार्ड नंबर 13 टिकरी टोला की पेयजल समस्या का जल्द से जल्द स्थाई निवारण किया जाए। वार्ड नंबर 13 एवं 14 में निर्मित सुलभ शौचालय में जल व्यवस्था एवं साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। वार्ड नं. 2 के सुलभ शौचालय को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। नगर के मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के जमावड़े का निवारण किया जाए। स्कूल के समय सुबह 10 से 12 बजे और शाम 4 से 5 बजे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाए। वार्ड क्रमांक 2 मुक्तिधाम से वार्ड 13 तक गोंजी नाला का सीमांकन कर साफ-सफाई कराई जाए। सरकारी योजनाओं संबल योजना, श्रम योजना, आवास योजना, जल जीवन मिशन योजना और पात्रता पर्ची योजना के क्रियान्वयन में जनता को आ रही समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाए।

ठोस निराकरण तक जारी रहेगा आंदोलन 

आयोजित इस धरने में पार्टी के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। धरना स्थल पर मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष राजेश हरदहा, प्रदेश महासचिव राकेश हरदहा, प्रदेश संगठन सचिव अनिल तिवारी, प्रदेश सचिव शिव हरदहा, प्रदेश सचिव सुधीर श्रीवास और मंडला जिला अध्यक्ष हरि चक्रवर्ती सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन इन 17 सूत्रीय समस्याओं का ठोस निराकरण नहीं करता, आम जनता के हित में यह अनिश्चितकालीन धरना अनवरत जारी रहेगा।


 

Leave a Comment