देवर-भाभी के विवाद का दर्दनाक अंत

नैनपुर में देवर-भाभी के विवाद का दर्दनाक अंत

रोज-रोज की गाली-गलौज से तंग आकर भाभी ने की देवर की हत्या

  • शराब के नशे में धुत्त देवर का पत्थर पर पटका सिर
  • डंडे से पीटकर उतारा मौत के घाट
  • आरोपी महिला गिरफ्तार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम रमपुरी में एक बेहद मार्मिक और विचलित कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पारिवारिक कलह और रोज-रोज के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते एक भाभी ने अपने ही देवर को मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब और गाली-गलौज बनी विवाद की जड़

जानकारी अनुसार मृतक की पहचान राम सिंह वयाम (पिता – मदन लाल वयाम) और आरोपी महिला की पहचान कृष्णा बाई मरावी (पति – माखन सिंह मरावी) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में देवर-भाभी थे, लेकिन इनके बीच लंबे समय से आपसी तनाव चल रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक राम सिंह अक्सर शराब के नशे में घर के बाहर बैठकर अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली-गलौज करता था, जिससे परिवार में आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित होती थी।

पत्थर पर पटका सिर, फिर डंडे से किया जानलेवा वार

घटना वाले दिन भी राम सिंह नशे में धुत्त था और अपशब्दों का प्रयोग कर रहा था। इसी बात को लेकर देवर-भाभी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना उग्र हो गया कि गुस्से में आकर कृष्णा बाई मरावी ने पहले राम सिंह का सिर पास पड़े एक पत्थर पर पटक दिया और फिर डंडे से उस पर अंधाधुंध हमला कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम, आरोपी गिरफ्तार

हमले में गंभीर रूप से घायल राम सिंह को आसपास के लोगों ने तत्काल डायल-112 की सहायता से नैनपुर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी महिला कृष्णा बाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। एक छोटे से विवाद और नशे के चलते हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है।


Leave a Comment