शासकीय छात्रावास में शराब पीकर अधीक्षक ने किया हंगामा

टाटरी के शासकीय छात्रावास में शराब पीकर अधीक्षक ने किया हंगामा

गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

  • छात्रावास बन रहे नशाखोरी का अड्डा
  • अधीक्षक के बेटे पर भी छात्रावास में शराब पीने के लगे आरोप
  • क्षेत्र संयोजक ने दिए जांच के आदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ग्राम टाटरी स्थित शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में छात्रावास अधीक्षक पन्नूलाल वट्टी पर शराब के नशे में धुत्त होकर कर्मचारियों और छात्रों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद से छात्रों में आक्रोश है और यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

देर रात 2 बजे मचाया हंगामा, बेटे पर भी लगे आरोप

जानकारी अनुसार रविवार देर रात करीब 2 बजे अधीक्षक पन्नूलाल वट्टी कथित तौर पर नशे की हालत में छात्रावास पहुंचे। छात्रों का आरोप है कि उन्होंने छात्रों को धमकियां दीं और छात्रावास के भृत्य के साथ भी जमकर अभद्रता की। अधीक्षक के इस व्यवहार से परेशान होकर छात्रों ने उनका वीडियो बना लिया। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया है कि तीन-चार दिन पहले अधीक्षक का बेटा भी छात्रावास में शराब पीते हुए देखा गया था, जिसका वीडियो भी मौजूद होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि अभी तक इन वायरल वीडियो और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। 

अधिकारियों ने लिया संज्ञान, जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप है। मामले पर सहायक आयुक्त कार्यालय के क्षेत्र संयोजक विष्णु सिंगौर ने बयान देते हुए कहा कि यह घटना उनके संज्ञान में आ चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे स्वयं छात्रावास पहुंचकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करेंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षा के मंदिर बन रहे नशाखोरी का अड्डा

जिले में छात्रावासों की व्यवस्था पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। यह कोई पहला मामला नहीं है; इससे पहले सलवाह के एक छात्रावास में भी शराब पार्टी और डांस के वीडियो सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह प्रतीत होता है कि छात्रावास अब खुलेआम नशाखोरी के अड्डे बन रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई ठोस और स्थायी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की यह अनदेखी बच्चों के भविष्य पर भारी पड़ सकती है।

(महावीर न्यूज 29 इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है)


Leave a Comment