80 स्कूलों के 1500 से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा

नवाचार प्रोजेक्ट संकल्प का प्रथम मूल्यांकन टेस्ट संपन्न

80 स्कूलों के 1500 से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा

  • मंडला में JEE-NEET की निशुल्क कोचिंग
  • OMR शीट पर हुआ छात्रों का पहला टेस्ट
  • मोबाइल ऐप से होगी कॉपियों की चेकिंग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला प्रशासन द्वारा जिले के होनहार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू किए गए नवाचार प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत शनिवार को प्रथम मूल्यांकन टेस्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष परीक्षा में जिले के लगभग 80 विद्यालयों के 1500 से अधिक कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।बताया गया कि बीते 11 जुलाई से संचालित इस नवाचार प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य जिले के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा जेईई और नीट की निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग प्रतिदिन उपलब्ध कराना है। आयोजित यह परीक्षा शिक्षण के प्रथम चरण का आकलन करने और विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा प्रणाली से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी मुख्य प्रतियोगी परीक्षाओं के वास्तविक माहौल का अनुभव कराने के उद्देश्य से परीक्षा पूर्णत: ओएमआर शीट आधारित आयोजित की गई। परीक्षा की सुचिता, पारदर्शिता और त्वरित परिणाम सुनिश्चित करने के लिए सभी ओएमआर शीट्स का मूल्यांकन एक विशेष मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। मोबाइल ऐप द्वारा मूल्यांकन के पश्चात विद्यार्थियों की ग्रेडिंग तय होगी, जिसके आधार पर पूरे जिले की एक एकीकृत (कंबाइंड) मेरिट व रैंकिंग सूची जारी की जाएगी।

परियोजना की महत्ता पर प्रभारी का वक्तव्य 

एपीसी एवं प्रोजेक्ट प्रभारी मुकेश पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा और जिला स्तरीय रैंकिंग से विद्यार्थियों को जिले में अपनी वास्तविक तैयारी और स्थिति का सटीक आकलन करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों में आगे बढऩे की स्वस्थ एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित होगी। निशुल्क कोचिंग और नियमित मूल्यांकन की यह व्यवस्था विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के मेधावी बच्चों के सपनों को साकार करने में मील का पत्थर साबित हो रही है।


Leave a Comment