विश्व बाघ दिवस 2026
मंडला में निकली भव्य जागरूकता रैली
- 400 से अधिक लोगों ने दिया बाघ संरक्षण का संदेश
- बाघ संवाद और बघवा संगत के जरिए 5000 विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व बाघ दिवस 2026 के अवसर पर कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा बाघ संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता लाने के लिए विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है। 14 जुलाई से अनवरत जारी इन आयोजनों की कड़ी में आज मंडला शहर में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई।
इस विशाल रैली में स्कूली विद्यार्थियों, सभी वन मंडलों के वन कर्मचारियों, पुलिस बल, अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों सहित लगभग 400 लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से शहर की सड़कों पर बाघों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन में उनके महत्व का प्रभावी संदेश प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंडला न्यायालय के न्यायाधीश ने भी अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई और इस उत्कृष्ट पहल की सराहना की।
बाघ संवाद से जुड़ रहे बच्चे और ग्रामीण
बाघों और मानव के बीच सह-अस्तित्व की भावना को बढ़ावा देने के लिए कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा बाघ संवाद और बघवा संगत जैसे अनूठे कार्यक्रम भी गांव-गांव और स्कूलों में आयोजित किए जा रहे हैं। वन विभाग के अनुसार 14 जुलाई से लेकर अब तक इन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 5000 स्कूली विद्यार्थियों और 1000 से अधिक वन समिति सदस्यों के साथ सीधे चर्चा कर उन्हें बाघ संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाया जा चुका है। यह अभियान जिले में प्रकृति प्रेमियों और आम नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।









