विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

पति बता रहा आत्महत्या, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

  • जब एक हाथ काम नहीं कर रहा था, तो कैसे लगाया फंदा
  • परिजनों ने उठाए सवाल, कोतवाली पुलिस कर रही मामले की जांच

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के इलाही चौक निवासी 27 वर्षीय शिवानी विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतिका के पति ने इसे बीमारी के चलते उठाया गया आत्मघाती कदम बताया है, जबकि जबलपुर निवासी मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। रविवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।
पति नीलेश विश्वकर्मा ने बताया कि शिवानी लंबे समय से एंजाइटी और माइग्रेन से पीडि़त थी। बीमारी के कारण उसका बायां हाथ भी ठीक से काम नहीं करता था। शनिवार को नीलेश अपने तीन वर्षीय बेटे को स्कूल में पेरेंट-टीचर मीटिंग में लेकर गए थे। जब वे वापस लौटे, तो उन्होंने शिवानी को फंदे से लटकता पाया। नीलेश ने बताया कि उसने कैंची से रस्सी काटी और तुरंत पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

मायके पक्ष का आरोप, हत्या कर फंदे पर लटकाया 

मृतका की मां और बहन प्रतिभा विश्वकर्मा ने पति के दावों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बहन प्रतिभा का कहना है कि जब शिवानी का एक हाथ ठीक से काम ही नहीं कर रहा था, तो वह स्वयं फांसी का फंदा कैसे लगा सकती है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। शिवानी पढ़ी-लिखी थी, उसने नर्सिंग का कोर्स किया था, वह अपने बच्चे को छोड़कर आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच 

कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मर्ग कायम कर लिया गया था। रविवार को परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a Comment