मंडला-निवास मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
मिनी ट्रक और तूफान वाहन की जोरदार टक्कर, 8 लोग गंभीर रूप से घायल
- धान रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों के वाहन की बकोरी घाट में भिड़ंत
- डायल 112 ने त्वरित रेस्क्यू कर सभी घायलों को पहुंचाया अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास-मंडला मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। ग्राम खारी और बकोरी के बीच स्थित बंजारी घाट क्षेत्र में एक मिनी ट्रक और तूफान वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तूफान वाहन में सवार 8 यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार तूफान वाहन में लगभग 9 यात्री सवार थे। ये सभी लोग मंडला के समीप स्थित ग्राम बिनैका में धान रोपाई के कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बकोरी बंजारी घाट के पास, निवास की ओर से तेज गति में आ रहे मिनी ट्रक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर सवारियों की चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल मंडला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में ये हुए घायल
हादसे में घायल हुए यात्रियों में संगीता पन्द्राम 35 वर्ष, निवासी साल्हेपानी, राधा पन्द्रो 40 वर्ष, सम्मो बाई पन्द्राम 50 वर्ष, निवासी डोभी, दुर्गेश्वरी मरावी 20 वर्ष, निवासी तरवानी, विमलेश्वरी पन्द्रो 22 वर्ष, निवासी चतरा बम्हनी, उर्मिला वरकड़े 17 वर्ष, शियावती 60 वर्ष, निवासी डोभी, प्रेमवती 55 वर्ष, निवासी डोभी घायल हुए है।










