महाराष्ट्र में मिलावटी दूध के भंडाफोड़ के बाद मंडला में अलर्ट
डेयरियों और मिठाई दुकानों अचानक दबिश
- खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई
- दूध, कुंदा और पनीर के लिए गए सैंपल, एक बेकरी को थमाया नोटिस
मंडला महावीर न्यूज 29. महाराष्ट्र में सिंथेटिक और मिलावटी दूध के अवैध कारोबार की भनक लगते ही मध्य प्रदेश खाद्य सुरक्षा प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। आम जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए और संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त के कड़े निर्देशों के पालन में, मंडला जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ एक विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई है। इस टीम ने जिले की कई प्रमुख डेयरियों, स्वीट्स और बेकरी की दुकानों पर अचानक दबिश देकर ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई की। विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय कारोबारियों में हड़कंप का माहौल रहा।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य सामग्रियों के सैंपल
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए कई प्रतिष्ठानों से सैंपल एकत्र किए, जिनमें दिनशा डेयरी प्राइवेट लिमिटेड पेटेगांव से गाय के दूध का नमूना लिया गया। जलपान बेकरी एंड स्वीट्स से कुंदा और मिक्स नमकीन के सैंपल लिए गए। जय हिंद दूध डेयरी से मिश्रित दूध और पनीर के सैंपल एकत्र किए गए।

प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, कमियां मिलने पर नोटिस जारी
कार्रवाई के दौरान एकत्र किए गए सभी नमूनों को मौके पर ही सील कर दिया गया है और विस्तृत जांच के लिए उन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता को लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और अन्य मानकों में कमियां पाए जाने पर जलपान बेकरी को खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है।










