नशे पर प्रहार के लिए मैदान में उतरे स्कूली बच्चे
नशा मुक्ति अभियान के तहत निकाली जागरूकता रैली
- खेलों के जरिए दिया संदेश
- वॉलीबॉल में नेझर तो खो-खो-पिट्टू में एकलव्य विद्यालय ने मारी बाजी
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत शनिवार को घुघरी पुलिस ने एक सराहनीय पहल की। क्षेत्र में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर एक भव्य जागरूकता रैली और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एक विशाल जन-जागरूकता रैली के साथ हुआ। रैली में शामिल विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पूरे नगर का भ्रमण कर लोगों से नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ व सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की। इस अभियान में कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल, संदीपनी विद्यालय, नर्मदा ज्ञान स्थली, एकलव्य विद्यालय, क्राइस्ट ज्योति विद्यालय, दानीटोला स्कूल, नेझर हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया दमखम
रैली के समापन के बाद बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से खो-खो, कबड्डी, पिट्टू, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। आयोजित प्रतियोगिता के खो-खो में एकलव्य विद्यालय प्रथम स्थान, वॉलीबॉल में नेझर विद्यालय विजेता, कबड्डी में मॉडल स्कूल प्रथम स्थान, पिट्टू में एकलव्य विद्यालय, घुघरी प्रथम स्थान हासिल किये।
नशे से बचने के लिए खेलों और शिक्षा को बताया जरूरी
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशा युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा और चुनौती है। खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से ही युवाओं को इस बुराई से दूर रखा जा सकता है। अतिथियों ने विद्यार्थियों से स्वयं नशा मुक्त रहने और अपने आस-पास के समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज मरकाम, जिला पंचायत सदस्य कौशल्या मरावी, महामंत्री संजय साहू, मंडल उपाध्यक्ष श्रीराम अग्रवाल और थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र सेन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।










