अंजनिया पुलिस की कार्रवाई
बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 नाबालिग सहित 6 गिरफ्तार
- चोरी की गाडिय़ों का रंग बदलकर चलाते थे आरोपी
- 4 मोटरसाइकिलें जब्त, बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए नाबालिग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के थाना बम्हनी के अंतर्गत चौकी अंजनिया पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 5 नाबालिगों और एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
जानकारी अनुसार यह गिरोह मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उनकी नंबर प्लेट निकाल देता था। पहचान छिपाने के लिए आरोपी गाडिय़ों पर काले और सिल्वर रंग का स्प्रे पेंट कर देते थे। बताया गया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक लड़के ने काले रंग से पुती हुई एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल सुधरने के लिए दी है। पुलिस ने जब गाड़ी के इंजन और चेचिस नंबर का मिलान किया, तो वह हर्राहीटोला निवासी कमलेश पटेल की चोरी गई स्पलेंडर एमपी 51 एमए 9766 निकली। इसके बाद पुलिस ने उस नाबालिग से पूछताछ की, जिसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से गाडिय़ां चोरी करना कबूल किया।
सभी आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में नीरज उर्फ सचिन पटैल 18 वर्ष, निवासी नरैनी और 5 विधि विरुद्ध बालक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर बालिग आरोपी को जेल और 5 नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह, जबलपुर भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, एएसपी अमित वर्मा और एसडीओपी मनीष राज के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतेन्द्र रघुवंशी, चौकी प्रभारी सउनि राजेश सराठे, सउनि जगदीश झारिया, कृष्ण कुमार चौबे समेत टीम में संतोष मरावी, सुन्दर लाल उइके, नारायण प्रसाद, अनिल, रोहित, अंचल, दिनेश, विनोद, सुलोचना की विशेष भूमिका रही।










