प्राचार्य की प्रताडऩा से क्षुब्ध छात्रों का फूटा गुस्सा
नेशनल हाईवे 30 पर किया चक्काजाम
- कालपी के महर्षि सांदीपनी विद्यालय के छात्रों का हंगामा
- छात्रों का आरोप, मारपीट और टीसी काटने की धमकी
- सांसद फग्गन सिंह के आश्वासन के बाद खुला जाम
मंडला महावीर न्यूज 29. महर्षि सांदीपनी विद्यालय कालपी के छात्रों का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। प्राचार्य की मनमानी और प्रताडऩा से नाराज दर्जनों छात्रों ने नेशनल हाईवे 30 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। छात्रों का सीधा आरोप है कि विद्यालय की प्राचार्य संगीता श्रीवास्तव द्वारा उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा है।
आक्रोशित छात्रों ने बताया कि विद्यालय में किसी अन्य की गलती की सजा भी अक्सर उन्हें ही भुगतनी पड़ती है। छात्रों का आरोप है कि उन्हें दिन भर पढ़ाई से वंचित कर घुटना टेकने को मजबूर किया जाता है। शुक्रवार को भी प्राचार्य संगीता श्रीवास्तव ने कथित तौर पर उन पर बेबुनियाद इल्जाम लगाते हुए डंडे से मारपीट की और करीब 2 घंटे तक घुटने टिकवाए। इसके बाद भी जब प्राचार्य का गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो करीब 30-40 बच्चों को स्कूल से भगा दिया गया और टीसी काटकर घर भेजने की धमकी दी गई। इसी तानाशाही से त्रस्त होकर छात्रों ने हाईवे जाम करने का कड़ा कदम उठाया। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि प्राचार्य को जल्द से जल्द नहीं हटाया गया, तो वे एक बड़ा उग्र आंदोलन करेंगे।
सांसद के फोन और आश्वासन पर शांत हुए बच्चे
हाईवे पर जाम लगने की सूचना स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने तत्काल क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद कुलस्ते ने फोन के माध्यम से प्रदर्शनकारी छात्रों से बात की। उन्होंने छात्रों को समझाइश देते हुए उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण करने और प्राचार्य को जल्द हटाने का ठोस आश्वासन दिया। मंडला सांसद के इस आश्वासन के बाद आक्रोशित छात्र मान गए और उन्होंने जाम समाप्त कर दिया।
इनकी रही मौजूदगी :
प्रदर्शन कर रहे बच्चों को समझाइश देने और स्थिति को नियंत्रण में करने के दौरान प्रशासनिक और राजनीतिक जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। जिसमें नायब तहसीलदार आलोक सोनी, थाना बीजाडांडी का पुलिस स्टाफ, भाजपा मंडल अध्यक्ष डूमारी लाल कुम्हरे, मंडल महामंत्री अजीत श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी राहुल सिसोदिया और पूर्व जिला मंत्री संदीप नामदेव मुख्य रूप से उपस्थित थे।










