वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ सप्तचंडी महायज्ञ

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ सप्तचंडी महायज्ञ

जवारे विसर्जन यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

  • 13 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन
  • माता दरबार में 56 भोग और कन्या पूजन के बाद मां नर्मदा में विसर्जित हुए जवारे

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के अंबेडकर वार्ड स्थित सरिता ओमप्रकाश चावला के निवास में निर्माणाधीन नवीन माता मंदिर में 11 से 23 जुलाई तक चले 13 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का गुरुवार को पूरे विधि-विधान और श्रद्धा-भक्ति के साथ समापन हो गया। इस पुनीत अवसर पर माता और भगवान गणेश की प्रतिमाओं की वैदिक रीति से प्राण-प्रतिष्ठा की गई।आयोजन के दौरान प्रतिदिन सप्तचंडी के 108 पाठ, हवन और विशेष पूजन संपन्न हुए। समापन के अवसर पर गुरुवार को एक विशाल सप्तचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें 11 विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ, पूजन और महाआरती संपन्न कराई। इसके पश्चात माता को 56 भोग अर्पित किए गए। धार्मिक अनुष्ठान के बाद कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ लिया।

भक्तिमय माहौल में निकली जवारे विसर्जन यात्रा 

सायंकाल अंबेडकर वार्ड स्थित माता दरबार से पारंपरिक जवारे यात्रा निकाली गई। भजन-कीर्तन और माता के जयकारों के बीच यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रंगरेज घाट पहुंची। यहां मां नर्मदा के पावन तट पर पल्लव पूजा और जवारे विसर्जन के साथ ही इस भव्य धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा।


रिपोर्टर- रितेश पमनानी


Leave a Comment