बिछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
1 लाख रुपये कीमत का 2 किलो अवैध गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
- नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान
- छपरतला में पुलिस की दबिश
- गांजे की खेप के साथ तस्कर पकड़ाया
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत बिछिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम छपरतला में दबिश देकर 2.048 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,00,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में 21 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छपरतला गांव में एक व्यक्ति ने अवैध रूप से गांजा छिपा रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 45 वर्षीय सदन साहू के घर पर दबिश दी। गवाहों की मौजूदगी में घर के बाहर बने स्टोर रूम की तलाशी लेने पर एक बैग में रखा गांजा बरामद हुआ।
आरोपी द्वारा गांजा रखने का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसकी विस्तृत विवेचना की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।










