मूसलाधार बारिश में बहीं गरैया की दोनों पुलिया, आवागमन पूरी तरह बंद

घुघरी-चाबी मार्ग ठप

मूसलाधार बारिश में बहीं गरैया की दोनों पुलिया, आवागमन पूरी तरह बंद

  • घटिया निर्माण का आरोप
  • आक्रोशित ग्रामीणों ने दी आमरण अनशन की चेतावनी
  • ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले के घुघरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गरैया में घुघरी-चाबी मुख्य मार्ग पर बनी दोनों पुलियाएं लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बह गई हैं। पुलियों के क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है और क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क टूट गया है।

स्कूली छात्रों और आम जनता को भारी परेशानी

सड़क संपर्क टूटने का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूली छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग पर चलने वाली इकलौती बस सेवा बंद होने से बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही, किसानों, मजदूरों, मरीजों और रोजमर्रा के यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

घटिया निर्माण और भारी वाहनों का दबाव

ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा है कि निर्माण कार्य बेहद घटिया गुणवत्ता का था। इस मार्ग से रेत खदानों के भारी-भरकम हाइवा वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क पर हमेशा भारी दबाव रहता है। इसके बावजूद मजबूत और टिकाऊ निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल इस मार्ग की मरम्मत की जरूरत पड़ती है, जो सीधे तौर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।

प्रशासन को चेतावनी: नहीं हुआ समाधान तो होगा आमरण अनशन

हालात को देखते हुए ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उनकी प्रमुख मांगे इस प्रकार हैं:

  • मौके का निरीक्षण कर पुलियों और सड़क का तुरंत पुनर्निर्माण शुरू कराया जाए।
  • राहगीरों के लिए तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था की जाए।
  • घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया, तो वे जनहित में आमरण अनशन पर बैठने को विवश होंगे। किसी भी प्रकार की अनहोनी या हादसे की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।


रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


Leave a Comment