बरसात में संक्रामक बीमारियों का खतरा
सीएमएचओ ने जारी की एडवाइजरी
- सतर्कता बरतने की अपील
- मलेरिया-डेंगू से बचाव के लिए रखें साफ-सफाई
- उल्टी-दस्त होने पर तुरंत लें डॉक्टर की सलाह
मंडला महावीर न्यूज 29. बरसात के मौसम में जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने जिलेवासियों के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।
सीएमएचओ ने बताया कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर दस्त, डायरिया, पीलिया, टायफाइड, मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने आमजनों को स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, ताजा भोजन खाने और बासी या सड़े-गले फलों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने पर जोर दिया है।
उल्टी-दस्त की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से परामर्श लेने को कहा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं के पास ओआरएस, जिंक सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध हैं।
मच्छरों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने घर और आसपास पानी जमा न होने देने, सप्ताह में एक बार कूलर व टंकियां साफ करने, मच्छरदानी का उपयोग करने और पूरी बांह के कपड़े पहनने की सलाह दी है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया कि तेज बुखार या बीमारी के कोई भी लक्षण दिखने पर बिना देर किए तुरंत रक्त जांच कराएं और डॉक्टर से संपर्क करें।









