मंडला पुलिस की ऑटो रैली ने दिया नशामुक्ति का संदेश
- मंडला में नशामुक्ति अभियान का आगाज
- हस्ताक्षर, शपथ और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए पुलिस ने जगाई अलख
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में रविवार 19 जुलाई को जिलेभर में नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 जन-जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान, शपथ ग्रहण और ऑटो रैलियों का आयोजन कर आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कोतवाली और यातायात पुलिस की संयुक्त रैली
एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली एवं यातायात पुलिस ने एक विशाल ऑटो जागरूकता रैली निकाली, जिसमें लगभग 200 ऑटो चालक शामिल हुए। यह रैली बस स्टैंड, चिलमन चौक और रेडक्रॉस मार्ग से होते हुए गुजरी। इस दौरान ऑटो चालकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
महाराजपुर पुलिस ने आयोजित किए 13 कार्यक्रम
थाना प्रभारी महाराजपुर डॉ. जयसिंह यादव की अगुवाई में कुल 13 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना परिसर में नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। कारीकोन ऑटो स्टैंड में लगभग 250 नागरिकों की उपस्थिति में ऑटो चालकों को शपथ दिलाई गई और वाहनों पर पोस्टर चस्पा किए गए। आनंद तिराहा पर 100 से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों पर विशेष समझाइश दी गई, वहीं बजरंग चौक में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। कारीकोन से बजरंग चौक तक एक विशेष रैली निकाली गई, जिसमें 50 ऑटो और 200 से अधिक नागरिक शामिल हुए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य
इस विशेष अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की गिरफ्त से बचाना और जनसहभागिता के जरिए एक सुरक्षित व स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान एसडीओपी पीयूष मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान, यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे, सूबेदार योगेश राजपूत सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक मौजूद रहे।









